Sunday, February 22, 2026

मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार करेगा यह बजट : ओमप्रकाश धुर्वे

सेवाजोहार (डिंडोरी):- भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिंडोरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व केबिनेट मंत्री एवं शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने वाला, सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट जनकल्याण को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है।
विधायक धुर्वे ने कहा कि प्रस्तुत बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बताई गई चार प्राथमिकताओं—गरीब, युवा, नारी और किसान—की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पूंजीगत व्यय में वृद्धि कर विकास को गति दी है। इस ऐतिहासिक बजट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूंजीगत व्यय में वृद्धि से सशक्त होगा प्रदेश का भविष्य
विधायक धुर्वे ने बताया कि राज्य सरकार ने 4,38,317 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। इसमें स्वयं के संसाधनों से 1,17,667 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है, जबकि केंद्र सरकार से 1,12,137 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। राज्य के स्वयं के कर राजस्व में 106 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में पूंजीगत व्यय में 7.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो प्रदेश के दीर्घकालिक विकास को मजबूती देगी।
अनुसूचित जनजाति विभाग के बजट में 25.8 प्रतिशत वृद्धि करते हुए 47,429 करोड़ रुपये तथा अनुसूचित जाति विभाग के बजट में 17 प्रतिशत वृद्धि कर 31,192 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद 10.69 प्रतिशत वृद्धि के साथ 18 लाख 48 हजार 274 करोड़ रुपये तक पहुंचा है।
प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि
श्री धुर्वे ने बताया कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय दो वर्षों में 1,41,000 रुपये से बढ़कर 1,69,000 रुपये हो गई है, जो 19.25 प्रतिशत की वृद्धि है। यह राज्य सरकार की प्रभावी आर्थिक नीतियों का परिणाम है।
किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। एक लाख सोलर पंप किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य रखा गया है तथा फसल बीमा हेतु 1300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
गौशालाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। ग्रामीण विकास के अंतर्गत वीबीजी रामजी योजना के लिए 10,428 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पंचायत स्तर पर पारदर्शी विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा 125 दिन मजदूरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन को मजबूती
शिक्षा के क्षेत्र में 294 नए विद्यालय प्रारंभ किए जाएंगे। आंगनवाड़ियों में बच्चों को पोषण आहार के रूप में टोंड दूध उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 23 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शहरी परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 72 नई ई-बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।
विधायक धुर्वे ने कहा कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ा है और डिंडोरी जिले में अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं। मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होगा, जिससे जिले की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सुधीर दत्त तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे