सेवाजोहार (डिंडोरी):– कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, उजयारों बाई, फुलझरी बाई, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू व्वौहार, नगरपालिका उपाध्यक्ष सारिका नायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसमें लोकनृत्य, करमा और सैला नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा में कबड्डी और रस्साकस्सी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी महिलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि दोनों विधायकों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारी महिलाओं को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि नारी सम्मान और सशक्तिकरण के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब नारी शिक्षित होगी, तभी समाज और देश का विकास तेज गति से होगा। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम ने कहा कि भारत एक महान देश है, जहां महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, सेना और खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गांव से लेकर शहर और देश की सीमाओं तक महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब महिलाओं को सम्मान, शिक्षा और अवसर मिलें।
इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाना प्रशासन का लक्ष्य है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।