सेवाजोहार (डिंडोरी):- कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। शनिवार 14 मार्च 2026 को सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटलों और भोजनालयों में जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुरानी डिंडोरी तिराहा स्थित “माँ रेवा होटल” से 5 घरेलू उपयोग के LPG सिलेंडर व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल होते पाए गए। इसी तरह नकुल होटल से 3 तथा बस स्टैंड डिंडोरी स्थित “मोले भोजनालय” से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इस प्रकार तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 10 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका उपयोग नियमों के विपरीत व्यावसायिक रूप से किया जा रहा था। मौके पर कार्रवाई करते हुए जब्त सिलेंडरों को डिंडोरी इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
खाद्य विभाग ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग द्रविकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 का उल्लंघन है। इस मामले में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी होटल, ढाबा या व्यावसायिक प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते पाए गए, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।