सेवाजोहार (डिंडोरी):- घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग की सख्ती लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिली। शहपुरा के शहरी क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब विभाग की टीम ने कस्बों की ओर रुख करते हुए मेंहदवानी में छापामार कार्रवाई कर होटल संचालकों में हड़कंप मचा दिया।
सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने रविवार को विकासखंड मेंहदवानी के व्यस्ततम इलाके, जनपद कार्यालय के सामने स्थित अभिलाष दास लारिया होटल में अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान होटल में घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए पाया गया।
जांच में तीन घरेलू एलपीजी सिलेंडर होटल में उपयोग होते मिले, जिन्हें टीम ने तत्काल जब्त कर लिया। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अचानक हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही मेंहदवानी मुख्यालय के होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। खाद्य विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।