Monday, March 16, 2026

तेज रफ्तार में भाग रही शराब से भरी कार को पुलिस ने घेरा, 130 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली डिंडौरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और एक कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के निर्देशन  में जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15-16 मार्च की मध्य रात्रि को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंडला की ओर से एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक एमपी 20 जेडसी 7868) में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर एक व्यक्ति डिंडौरी की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने पुलिस टीम के साथ गैस गोदाम के पास स्टॉपर लगाकर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची और पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक स्टॉपर को टक्कर मारते हुए भाग निकला।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। भागते-भागते आरोपी ने ग्राम कूड़ा के पास गोमती नदी पुल के पहले भर्रा क्षेत्र में कार छिपाने की कोशिश की, लेकिन कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से आरोपी संजय अग्रवाल (52 वर्ष) निवासी शारदा बिहार कटंगी रोड करमेता थाना माढ़ोताल जिला जबलपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद वैगनआर कार (कीमत करीब 8 लाख रुपये) तथा 15 पेटी अंग्रेजी शराब (करीब 130 लीटर 320 एमएल) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,04,320 रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार कुल 9,04,320 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध शराब के नेटवर्क और इसके स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भिपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक केशलाल मरावी, अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, देवेन्द्र पटले, भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह ठाकुर तथा आरक्षक श्याम तिवारी, सतेन्द्र डहरिया, हेमंत झारिया, विशाल पटेल, विनोद माहोर, कैलाश द्विवेदी और मनोज कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे