सेवाजोहार (डिंडोरी):- स्वास्थ्य जागरूकता और बालिकाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विद्यालय मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डिंडौरी में मंगलवार, 17 मार्च 2026 को HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को HPV वैक्सीन लगाई गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को HPV संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर, से सुरक्षित करना है। शिविर के दौरान बालिकाओं में उत्साह के साथ टीकाकरण कराया गया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल की विशेषज्ञ टीम की उपस्थिति रही, जिन्होंने न केवल वैक्सीन लगाई बल्कि छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। टीम ने बालिकाओं और शिक्षकों को HPV संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अभिभावकों ने भी इस अभियान के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। यह शिविर बालिकाओं के सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।