सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध और व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार मंगलवार 17 मार्च 2026 को खाद्य विभाग की टीम ने समनापुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसा।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जायसवाल एवं आकाश तुरकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मनोहर चाय समनापुर से 01 तथा गुनगुन फास्ट फूड सेंटर समनापुर से 01 घरेलू उपयोग का LPG सिलेंडर जब्त किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि इन सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था, जो कि नियमों के खिलाफ है।
कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 2 घरेलू गैस सिलेंडर मौके से जप्त कर समनापुर इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में सौंप दिए गए। साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनिमय) आदेश 2000 के तहत प्रकरण तैयार किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि आम जनता के हक के संसाधनों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग न केवल अवैध है, बल्कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं के अधिकारों का भी हनन है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।