सेवाजोहार (डिंडोरी ):- जिले में जल संरक्षण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ग्राम पंचायत घानाघाट का औचक निरीक्षण कर जल स्रोतों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गांव के तालाबों और कुओं का अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी जल स्रोतों की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सचिव, रोजगार सहायक और सरपंच को निर्देशित करते हुए कहा कि तालाबों और कुओं का जीर्णोद्धार, किनारों पर वृक्षारोपण, घाट निर्माण जैसे कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाएं। इसके साथ ही ग्राम में सार्वजनिक शौचालय और स्नानगृह निर्माण को भी अभियान से जोड़कर तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 19 मार्च से “जल गंगा संवर्धन अभियान” की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत जिलेभर में तालाब, नदी, नाले और कुओं की व्यापक स्तर पर साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्य किए जाएंगे, जिससे जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम भारती मेरावी, नायब तहसीलदार शंशाक शेण्डे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।