सेवाजोहार (डिंडोरी):- जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर में 20 मार्च 2026 को “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत जनपद स्तरीय शिविर का आयोजन शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल शाहपुर के खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सहभागिता रही।
यह अभियान शासन के निर्देशानुसार 30 जून 2026 तक जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत, विकासखंड, तहसील और जिला स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नदी, नाले, कुएं, बावड़ी, तालाब और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के लिए प्रशासन और आमजन मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने “जल गंगा संवर्धन” अभियान के साथ “बीवी जी-राम जी योजना” की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के समग्र विकास और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा, पीएम आवास योजना और आजीविका मिशन के जरिए स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जा रही है। इससे जिले की महिलाएं आत्मनिर्भर बनते हुए अपने परिवार का बेहतर भरण-पोषण कर रही हैं, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम है।
सांसद ने कहा कि बेमौसम बारिश और जलवायु परिवर्तन का मुख्य कारण पर्यावरण असंतुलन है। इसे सुधारने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि प्रकृति का संतुलन बनाए रखा जा सके।
उन्होंने जिले में संचालित बुडनेर नदी सिंचाई परियोजना, राघोपुर सिंचाई परियोजना और छिंदगांव परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे किसानों को सिंचाई के बेहतर साधन उपलब्ध हो रहे हैं।
इसके साथ ही ग्राम कारोपानी में स्थापित विद्यासागर हैंडलूम का जिक्र करते हुए बताया कि यहां ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और उच्च गुणवत्ता के हैंडलूम उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
शिविर में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सभी को अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत स्थानीय तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता कार्य किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जल संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर रुद्रेश परस्ते, आशा सिंह, अंजू ब्योहार, चमरू सिंह नेताम, हीरा रुद्रेश परस्ते, नरेंद्र राजपूत, महेश धूमकेती, भगीरथ उरैती, सुधीर दत्त तिवारी, पवन शर्मा, अंकित गुप्ता, परसराम नागेश, रविदत्त राय, राहुल पाण्डेय, रामकिशोरी ठाकुर, बद्री प्रसाद साहू, हीरेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक सोलंकी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।