Saturday, March 21, 2026

नए सत्र की नई शुरुआत: शालाओं में गूंजेगा स्वागत का उत्साह, एक अप्रैल को प्रवेशोत्सव का आयोजन

सेवाजोहार (डिंडोरी):– नए शैक्षणिक सत्र के साथ जिले के विद्यालयों में उत्साह और उमंग का माहौल बनने जा रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में 1 अप्रैल को जिले के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में भव्य प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा, साथ ही उनके लिए विशेष भोज की भी व्यवस्था की जाएगी।
जिला शिक्षा केंद्र की जिला परियोजना समन्वयक श्वेता अग्रवाल ने बताया कि प्रवेशोत्सव के दिन विद्यालयों में सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण बनाया जाएगा। शिक्षक नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करेंगे, वहीं वरिष्ठ छात्र भी उन्हें विद्यालय से जोड़ने और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करेंगे।
इस दिन से ही सभी विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में विशेष बाल सभा आयोजित कर अभिभावकों को नामांकन, उपस्थिति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन के नवीन निर्देशों और शिक्षा संबंधी योजनाओं पर भी चर्चा होगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 6 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक बच्चे का कक्षा 1 में नामांकन अनिवार्य किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि 30 सितंबर 2026 तक 6 वर्ष पूर्ण करने वाले बच्चों का नामांकन मार्च माह में ही सुनिश्चित कर लिया जाए। इसके लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 और आंगनबाड़ी केंद्रों से संभावित विद्यार्थियों की सूची लेकर कार्यवाही की जाएगी।
शाला से बाहर बच्चों पर विशेष फोकस
सत्र 2025-26 में समग्र आईडी और यू-डाइस के माध्यम से छात्रों की ट्रैकिंग कर शाला से बाहर बच्चों की पहचान की गई है। ऐसे बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रावास भी होंगे शुरू
1 अप्रैल से छात्रावासों का संचालन भी प्रारंभ किया जाएगा। आगामी सत्र 2026-27 में छात्रावासों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिसके दिशा-निर्देश जल्द जारी होंगे।
इस प्रकार प्रवेशोत्सव न केवल नए विद्यार्थियों के स्वागत का उत्सव होगा, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता, सहभागिता और समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत पहल भी साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे