सेवाजोहार (डिंडोरी):- जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में ग्राम पंचायत घानाघाट में 19 मार्च 2026 को “जल गंगा संवर्धन” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर एवं जियो-टैगिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत डिंडौरी के लगभग 70 ग्राम पंचायतों से सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत लाभ वितरण किया गया। प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, ई-रिक्शा, हाथ ठेला, छाता, पेंशन एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कुल 63 हितग्राहियों को इस शिविर में सीधे लाभ मिला, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की नई राह खुलेगी।
शिविर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जियो-टैगिंग की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह राजपूत (मुख्य कार्यपालन अधिकारी) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और ग्रामीणों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल ने जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।