सेवाजोहार (डिंडोरी):- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों—तहसीलदार भरत सिंह वट्टे, नायब तहसीलदार आशुतोष मिश्रा, तेजलाल धुर्वे, शशांक शेण्डे, सुन्दर लाल यादव, सीईओ जनपद पंचायत प्रमोद कुमार ओझा, आबकारी उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, योजना अधिकारी अभिषेक बंसल, एलडीएम रविशंकर, कनिष्ठ अभियंता राहुल श्रीवास, श्रीकांत सिद्धे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जयसवाल, सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी, समीम खान एवं सीडीपीओ विपिन डेहरिया को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं डी एवं सी ग्रेड वाले विभागों को सैनिक कल्याण निधि में निर्धारित राशि जमा करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर जोर देते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को पात्र किसानों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद पंचायतों एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को नियमित निरीक्षण कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम स्तर पर बैनर, चौपाल एवं शपथ के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उप संचालक कृषि को रबी उपार्जन के सत्यापन के निर्देश दिए गए। वहीं नगर परिषद शहपुरा में निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए डीपीआर के अनुरूप कार्य नहीं करने पर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि अग्निवीर भर्ती योजना के अंतर्गत 1 जून से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चलेगी, जिसमें 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष तक के अभ्यर्थी पात्र होंगे।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी घोषित की गईं—
📅 20 अप्रैल 2026: करंजिया/बजाग
📅 28 अप्रैल 2026: डिंडौरी
📅 7 मई 2026: शहपुरा
📅 14 मई 2026: अमरपुर/समनापुर
पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि बीएमओ, सीएचओ एवं स्वास्थ्य टीम द्वारा स्कूलों एवं शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कर एचवीसी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, सीपी ग्राम, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूलों में साफ-सफाई, नगरीय विकास कार्य एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम, फौती नामांतरण, फार्मर रजिस्ट्री एवं राजस्व वसूली के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।