सेवाजोहार (डिंडोरी):- शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में जिले में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेलों के विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वार्षिक खेल बजट की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विकासखंडों में संचालित खेल गतिविधियों की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और क्रिकेट जैसी खेल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए ग्रामवार सूची तैयार की जाए, ताकि प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाया जा सके।
समीक्षा बैठक में विकासखंडवार ब्लॉक समन्वयक, शिक्षा विभाग के पीटीआई एवं खेल परिसर के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। “पंखुड़ी” गतिविधि को लेकर भी चर्चा हुई और विकासखंड शहपुरा में एक नया केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग ने आगामी माह से शहपुरा में निःशुल्क कोचिंग क्लास शुरू करने का आश्वासन दिया।
बैठक में खेल परिसरों और खेल गतिविधियों से संबंधित शासन को भेजे गए प्रस्तावों की स्थिति पर भी समीक्षा की गई। विधायक धुर्वे ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत, विकासखंड और विद्यालयों में स्थापित जिम मशीनों की सूची तैयार कराई जाए तथा जो उपकरण मरम्मत योग्य हैं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर खिलाड़ियों के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आवश्यकतानुसार विधायक निधि से सहयोग देने की भी बात कही।
इसके साथ ही स्टेडियम शहपुरा, बिरसा मुंडा, बजाग एवं मेंहदवानी स्टेडियम के मरम्मत कार्य हेतु स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि खेल अधोसंरचना को मजबूत कर खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास की बेहतर सुविधा मिल सके।
ब्लॉक समन्वयकों द्वारा कार्यालय भवन की मांग पर विधायक ने कहा कि विकासखंड स्तर पर उपलब्ध शासकीय भवनों का उपयोग करते हुए कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर कार्यालय उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे खेल उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, सूबेदार कुंवर सिंह, डीएसपी पुरषोत्तम सिंह, जनसंपर्क अधिकारी तथा खेल विभाग के चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, लक्ष्मी बनावल, कैलाश रजक, संतोषी यादव, उषा मानिकपुरी, नारायण मरावी, रोशन बाबू झारिया, सुनीता धुर्वे, सुखना सिंह पन्द्राम, राजकुमार, रमा साहू, अनिल पटेल, आर.एस. खलको सहित अन्य खेल शिक्षक उपस्थित रहे।