सेवाजोहार (डिंडौरी):- जिले के गाड़ासरई क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेनीवारी नरदहा से कुछ लोग ऑटो में सवार होकर ग्राम कोडिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ासरई से डिंडौरी की ओर जा रही बस ने बरगांव के पास लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार कई लोग घायल हो गए।
घायलों में 7 वर्षीय सूरजमति, तितरी बाई (48 वर्ष), भान सिंह आर्मो और कुन्ती बाई यादव (लगभग 30 वर्ष) को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के समय बजाग के एसडीएम रामबाबू देवांगन और एसडीओपी विवेक गौतम डिंडौरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी नजर हादसे पर पड़ी, उन्होंने बिना समय गंवाए मौके पर रुककर सभी घायलों को अपनी गाड़ी से गाड़ासरई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल डिंडौरी रेफर किया गया।
10 महीने की मासूम बाल-बाल बची
इस हादसे में एक बड़ा हादसा टल गया, जब मात्र 10 महीने की बच्ची शिवानी यादव चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। हालांकि उसके नाक में हल्की खरोंच आई है, लेकिन वह गंभीर चोट से बच गई, जो राहत की बात है।
मानवता की मिसाल बने एसडीएम
एसडीएम रामबाबू देवांगन का यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने इंसानियत का परिचय दिया हो। कुछ महीनों पहले भी बरगांव में दो बाइकों की भीषण टक्कर के दौरान वे मौके पर मौजूद थे और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। उनकी इस सक्रियता से कई लोगों की जान समय पर उपचार मिलने से बच सकी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गाड़ासरई पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बस चालक की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता यह साबित करती है कि समय पर मदद मिल जाए तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।