सेवाजोहार (डिंडोरी):– जल संरक्षण एवं संवर्धन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत रूसा के पोषक ग्राम घानामार में गुरुवार को भव्य श्रमदान एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम के तालाब में श्रमदान कर साफ-सफाई के साथ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद सरस्वती माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने जल गंगा संवर्धन अभियान को जन-जन का अभियान बताते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षाजल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
शहपुरा विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें जनभागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से जल स्रोतों के संरक्षण में योगदान देने की अपील करते हुए गांव-गांव में तालाब निर्माण, नदियों-नालों के संरक्षण और सड़क किनारे पौधारोपण पर जोर दिया। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल 2026 से प्रत्येक परिवार को वर्ष में 125 दिवस का रोजगार और 15 दिनों में मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ग्राम बसनिया के पोषक ग्राम संझौला टोला तक सड़क निर्माण के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, संवर्धन एवं सतत उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए केवल शासकीय प्रयास पर्याप्त नहीं, बल्कि जनभागीदारी अनिवार्य है। पारंपरिक जल स्रोतों जैसे तालाब, कुएं और बावड़ियों के संरक्षण एवं श्रमदान के माध्यम से उनके पुनर्जीवन पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उपस्थित जनसमूह से जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितलाभ वितरण भी किया गया। राजस्व विभाग द्वारा सेवाराम एवं जगदीश को फौती नामांतरण आदेश, विमल कुमार को वसीयतनामा नामांतरण तथा देव सिंह को बटवारा नामांतरण आदेश प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भव्या वालरे, प्रिन्सी मार्को, मायरा मार्को, अलीशा मार्को एवं शिवानी परस्ते को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत कृष्ण कुमार सरैया को ऑटो रिक्शा हेतु 2.70 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक एवं आइस बॉक्स प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ओम प्रकाश धुर्वे, रुद्रेश परस्ते, चमरू सिंह नेताम, आशा सिंह, अंजू ब्यौहार, हीरा रुद्रेश परस्ते, जय सिंह मरावी, सुधीर दत्त तिवारी एवं ग्राम पंचायत रूसा की सरपंच मनीषा कुशराम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक सोलंकी, एसडीएम भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, नायब तहसीलदार शशांक शेंडे एवं सीईओ जनपद पंचायत प्रमोद ओझा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रभावी संदेश दिया गया।