Thursday, April 2, 2026

शहपुरा के सांदीपनी विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव 2026 का भव्य आयोजन सम्पन्न

मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण का विद्यार्थियों ने किया सामूहिक अवलोकन

सेवाजोहार (डिंडोरी/शहपुरा):- विकासखंड शहपुरा के सांदीपनी विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव 2026 का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर, तिलक वंदन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लाइव प्रसारण का विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा सामूहिक रूप से अवलोकन किया गया। प्रसारण में शिक्षा के महत्व, शत-प्रतिशत नामांकन तथा बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रेरणादायी संदेश दिए गए। शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना एवं समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। पूरे आयोजन के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कलेक्टर के शहपुरा आगमन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की और कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। साथ ही विद्यालयों में कैरियर गाइडेंस को सुदृढ़ करने तथा आधार कार्ड, समग्र आईडी, जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों के अभाव में लंबित प्रवेश प्रकरणों का निराकरण विद्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षा को जीवन का सबसे मजबूत आधार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि डिंडोरी जिले ने कक्षा 8वीं में प्रदेश में तीसरा और कक्षा 5वीं में दूसरा स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 98 प्रतिशत नामांकन दर्ज हुआ था, जबकि इस वर्ष 100 प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रत्येक विद्यालय में कलेक्टर का मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुस्तक, साइकिल एवं गणवेश का वितरण किया गया। साथ ही स्टेट चैंपियनशिप 2025-26 में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली छात्राएं—देवन्ती पुशाम, अभिलाषा परस्ते, रुकमणी परस्ते, गंगोत्री मरावी, राजेश्वरी परस्ते, आरती मरावी, संतोषी सैयाम, पालमी कुलस्ते, नमीता मार्को, मोनिका नेताम, राधिका धुर्वे एवं सुखीपा धुर्वे को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मों, नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्या वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते, डीपीसी श्वेता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे