सेवाजोहार (डिंडोरी):- डिंडोरी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कलेक्टर के सख्त निर्देश के बाद जिला परिवहन विभाग ने टैक्स बकाया रखने वाले बस मालिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपए का टैक्स बकाया रखने वाले बस संचालकों पर शिकंजा कसते हुए पिछले दो दिनों में पांच बसों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। इस कार्रवाई से बस मालिकों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगते ही कई बस संचालकों ने अपनी बसों को सड़कों से हटा लिया है और उन्हें छिपाने की कोशिश की जा रही है।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जो भी वाहन मालिक शासन का टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अब तक जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में पांच बसों से तीन लाख रुपए से अधिक की राशि वसूल कर शासन के खाते में जमा कराई जा चुकी है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/16 के तहत लगातार कार्रवाई जारी है।
दरअसल, पिछले कई वर्षों से जिले में संचालित बसों द्वारा टैक्स जमा नहीं किया जा रहा था। नोटिस जारी होने के बावजूद बस मालिकों ने राशि जमा नहीं की, जिससे बकाया टैक्स का आंकड़ा करीब 20 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
अब प्रशासन की इस सख्ती के बाद आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।