सेवाजोहार (डिंडोरी):– कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के सख्त निर्देशों के बाद नगर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में आज सब्जी मार्केट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जी मंडी के सामने संचालित सभी चिकन और मटन की दुकानों को हटा दिया गया।
आपको बता दे कि कई समय से आम जनता नगर से मटन,चिकन मार्केट दूर करने के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुकी थी,कई बार हटाया भी गया लेकिन कुछ दिनों बाद दुकानें पुनः सज जाती थी। धार्मिक आयोजन के दौरान में चिकन मार्केट से गुजरने के दौरान लोगों को बदबू और गंदगी से गुजर कर जाना पड़ता था।
यह कार्रवाई राजस्व विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी भी रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी।
कार्रवाई में नायब तहसीलदार सुंदर लाल यादव, राजस्व प्रभारी शुक्ला, पटवारी बलिराम भवेदी और दीपक मरावी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।