Monday, April 6, 2026

लगातार पदक जीतकर चमकी चाँदनी: डिंडौरी की बेटी ने कुश्ती में रचा इतिहास

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किया सम्मानित

सेवाजोहार (डिंडौरी):- जिले की होनहार कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती ने अपने दमदार प्रदर्शन से खेल जगत में अलग पहचान बना ली है। एक के बाद एक पदक जीतकर चाँदनी न सिर्फ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, बल्कि पूरे डिंडौरी जिले का मान भी लगातार बढ़ा रही हैं।
खेलो मध्यप्रदेश यूथ गेम्स के तहत उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता में चाँदनी ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर सोमवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने उन्हें फूलमाला और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की मांग पर प्रशासन का त्वरित एक्शन
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के लिए हॉल की जरूरत रखी, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को खाली भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि वे अपनी समस्याएं सीधे साझा करें—हर संभव मदद दी जाएगी।
बैडमिंटन कोर्ट भी जल्द तैयार होगा
लंबे समय से लंबित बैडमिंटन कोर्ट की मांग पर भी प्रशासन ने तेजी दिखाई है। निर्माण एजेंसी को एक महीने के भीतर नया कोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नेशनल तक पहुंची चाँदनी की उड़ान
चाँदनी का शानदार प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। दिल्ली में आयोजित नेशनल ट्रायल में भी उन्होंने रजत पदक जीतकर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद अंबिकापुर में 28 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित खेलो इंडिया नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया।
पढ़ाई के साथ खेल में भी अव्वल
चाँदनी नरेती वर्तमान में शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय, डिंडौरी में बीएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। ग्राम घेवरी, विकासखंड अमरपुर की निवासी चाँदनी ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिवार, कोच और खेल प्रेमियों के साथ-साथ हर कोई चाँदनी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।

डिंडौरी की यह बेटी अब सिर्फ जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी नई उम्मीद बनकर उभर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे