एनएच-45 सड़क दुर्घटना : फूट फूट कर रोए परिजन,कलेक्टर से दर्द साझा किया
सेवाजोहार(डिंडोरी):- जिले के बजाग तहसील अंतर्गत गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी रूप से संचालित किया। घटना रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है, जिसमें तेज रफ्तार ट्राला कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से 5 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसडीएम, तहसीलदार, स्वास्थ्य एवं पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
परिजनों के अनुसार, परसवाह ग्राम के कुछ लोग चौक कार्यक्रम से लौटते समय अपने पिकअप वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक रोड की ओर से आ रहे ट्राला (क्रमांक MP 19 ZO 9351) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पवन कुमार मरावी (32 वर्ष), विशाल सिंह धुर्वे (58 वर्ष), राजकरण बनवासी (30 वर्ष), बिहारी सिंह उद्दे (31 वर्ष) एवं पवन सिंह उद्दे (52 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायल उदय प्रताप सिंह (20 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है। साथ ही संबल योजना के अंतर्गत प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, एसडीएम बजाग अक्षय डिगरसे, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार, एसडीओपी डिंडोरी सतीश द्विवेदी, एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, तहसीलदार बजाग भरत बट्टे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।