कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
सेवाजोहार (डिंडोरी):- कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राई के जंगल में एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय विश्वराज आर्मो निवासी सक्का बरगा के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 दिनों से लापता था। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब दो सप्ताह पहले हुई है।
परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतक के बेटे ने एक बाइक फाइनेंस कंपनी के माध्यम से खरीदी थी, जिसके बाद कंपनी द्वारा लगातार किस्तों की वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के चलते विश्वराज आर्मो ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने संबंधित फाइनेंस कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। कोतवाली थाना में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर भीतेंद्र पाठक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, जहां एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। आगे मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।