मुआवजा भुगतान, नहर मरम्मत व लंबित भुगतान की उठाई मांग
सेवाजोहार (डिंडोरी):- भारतीय किसान संघ जिला डिण्डौरी द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम ऐश्वर्या वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने जिले के किसानों से जुड़ी अहम मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू ने बताया कि संघ लगातार किसानों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रख रहा है, ताकि समय पर उनका निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि खरीफ वर्ष 2025-26 में अतिवृष्टि के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था। कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा क्षति का सर्वे भी किया जा चुका है, लेकिन अब तक किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे में शीघ्र भुगतान कराया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा मनरेगा के तहत बने पशु शेड का कार्य पूर्ण हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, बावजूद इसके सामग्री भुगतान अब तक लंबित है। इससे ग्रामीण किसान हितग्राही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। संघ ने इस भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले में 97 बांधों के माध्यम से 291 गांवों तक पानी पहुंचाने की बहुउद्देशीय योजना संचालित है, लेकिन नहरों की खराब स्थिति के चलते खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। संघ ने मांग की है कि सभी नहरों का मरम्मत कार्य मई-जून तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। साथ ही जल संसाधन विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने और बांधों के गेटों की मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की भी मांग रखी गई। चौरा बांध का पानी लालपुर तक पहुंचाने की भी बात कही गई।
भारतीय किसान संघ ने उद्यानिकी विभाग के विकासखंड स्तर पर कार्यालय खोलने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसानों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। वहीं सभी शासकीय कार्यालयों में योजनाओं की जानकारी और अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची सूचना पटल पर प्रदर्शित करने की भी मांग की गई।
संघ ने सुझाव दिया कि प्रमुख नहरों के दोनों ओर पौधरोपण कराया जाए, जिससे मिट्टी का कटाव रुके और पौधों को पर्याप्त जल मिल सके। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बिहारी लाल साहू, उदय सिंह मरावी, नंदकिशोर झारिया, मटरु दादा एवं मनोज यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।