सेवाजोहार (डिंडोरी):- आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर सेक्टर मानिकपुर की पर्यवेक्षक लक्ष्मी शिव को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर मानिकपुर अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र डोमदादर में बीते चार महीनों से बच्चों के लिए शौचालय में ही भोजन तैयार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया। इस घटना ने केंद्र में स्वच्छता और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर कर दी। जांच में यह पाया गया कि संबंधित पर्यवेक्षक द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया गया। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह निर्धारित संख्या में भ्रमण एवं मॉनिटरिंग अनिवार्य है, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया, जिससे ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।

प्रशासन द्वारा पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित का मुख्यालय परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, मेहंदवानी कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।