सेवाजोहार (डिंडोरी):- वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1035/17 के अंतर्गत शिकारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में वन विभाग को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आरोपियों की पतातलाशी एवं गिरफ्तारी हेतु वनमंडलाधिकारी डिंडौरी सामान्य अशोक सोलंकी एवं उपवनमंडलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह जाटव के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी डिंडौरी अतुल सिंह बघेल द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा मुख्य आरोपी दरबारी सिंह सहित अन्य आरोपियों की तलाश हेतु सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान सारसताल क्षेत्र में प्रातः लगभग 6:30 बजे अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार में से तीन आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत प्रथम व्यवहार न्यायालय एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, डिंडौरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
उक्त प्रकरण में एक मुख्य सरगना आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश वन विभाग द्वारा लगातार जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में निगरानी एवं खोज अभियान तेज कर दिया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में वन परिक्षेत्र डिंडौरी के वृत सारसताल के परिक्षेत्र सहायक उदय भान मरावी, वनपाल ईश्वर सिंह परस्ते, तथा स्टाफ सदस्य नितेश कुमार धुर्वे, सुनील कोरी, संजय मार्को, मान सिंह मरावी, अनीता धुर्वे एवं गीता पेंद्रो का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
वन विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।