सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने 17 अप्रैल 2026 को ग्राम चटुआ, तहसील एवं थाना डिंडोरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन जब्त की है।
जांच के दौरान जेसीबी मशीन क्रमांक MP5DA0291 को मुरम का अवैध उत्खनन करते हुए पाया गया। वाहन चालक राजू परस्ते, निवासी विक्रमपुर, तहसील डिंडोरी को मौके पर ही पकड़ा गया। टीम द्वारा मशीन को जब्त कर थाना कोतवाली डिंडोरी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
प्रकरण में संबंधित वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामला पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई हेतु न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।