सेवाजोहार (डिंडोरी/बजाग):– जिले के वन परिक्षेत्र कन्हारी अंतर्गत जीलंग–सिलपिडी़ आबादी से लगे जंगल में लगी भीषण आग तीसरे दिन भी लगातार धधक रही है। हालात चिंताजनक बने हुए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि खबरें सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद अब तक आग बुझाने के लिए मौके पर कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नजर नहीं आया है।
सूत्रों के मुताबिक कूप विदोहन के बाद जंगल में बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी के छिलके, सूखी टहनियां और पत्तियां बिखरी हुई हैं, जिसने आग को और विकराल बना दिया है। तेज हवा और सूखी वन सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति ऐसी बन गई है कि सैकड़ों पेड़ इसकी चपेट में आ सकते हैं।
वहीं कटाई के बाद छोड़ी गई लकड़ियां भी आग से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर हैं, जिससे खतरा कई गुना बढ़ गया है। इसी क्षेत्र में थिनिंग कूप के तहत स्वस्थ पेड़ों की कटाई कर उन्हें सूखने के लिए छोड़ा गया था, जो अब आग की जद में आने की कगार पर हैं।
जंगल में लगी इस आग से वन्यजीवन पर भी गंभीर संकट मंडरा रहा है। मौके से एक सांप के भागने का वीडियो सामने आया है, जो आग की भयावहता और वन्य जीवों की बेबसी को साफ दर्शाता है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की मांग की है, ताकि जंगल, पेड़-पौधों और बेजुबान वन्य जीवों को इस विनाश से बचाया जा सके।