सेवाजोहार (डिंडौरी):- कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में शासन के निर्देशानुसार 2 मई को लाड़ली बालिकाओं के साथ लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमप्रकाश मरकाम एवं जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते उपस्थित रहीं। शहपुरा विधायक द्वारा लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं से संवाद करते हुए योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, वहीं डिंडौरी विधायक ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उपस्थित 5 लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी वाटिका में बालिकाओं के नाम से आम, जामुन, आंवला, नींबू एवं मुनगा के पौधों का रोपण जनप्रतिनिधियों एवं बालिकाओं द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं ने अपने उद्बोधन में योजना से प्राप्त लाभों के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्याम सिंगौर, सहायक संचालक वंदना धुमकेती, समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, लाड़ली लक्ष्मी बालिकाएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।