सेवाजोहार (मंडला):- प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपत्तियां उईके के नेतृत्व में दिनांक 05/05/2026 को मध्यप्रदेश शासन के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से संयुक्त एएनएम संगठन (संविदा/नियमित) कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
इस दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष स्नेह लता शर्मा सहित मंडला, डिंडोरी, बालाघाट एवं अन्य जिलों से आई जिला अध्यक्षों ने अपनी महत्वपूर्ण मांगों को मंत्री के समक्ष रखा। स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में एएनएम कर्मचारियों की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए उनकी लंबित समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई।
कैबिनेट मंत्री संपत्तियां उईके ने कर्मचारियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए, पूर्व में मंडला जिला अध्यक्ष ज्योति चंद्रोल एवं प्रदेश अध्यक्ष स्नेह लता शर्मा से चर्चा कर सभी जिला प्रतिनिधियों को भोपाल आमंत्रित किया था।
भोपाल में आयोजित इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगों की ओर ध्यान आकर्षित कराया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कैबिनेट मंत्री संपत्तियां उईके की उपस्थिति में आश्वासन दिया कि एएनएम कर्मचारियों को जल्द ही उनकी प्रमुख मांग ग्रेड पे (3200) प्रदान करने पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों में संतोष और उम्मीद का माहौल देखा गया।