Tuesday, May 19, 2026

प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और विभागीय गतिविधियों की हुई व्यापक समीक्षा

सेवाजोहार (डिंडोरी):- नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री एवं डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, नर्मदा घाटी प्राधिकरण, राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए राधोपुर, बसनिया एवं बिजौरा जलाशय सहित अन्य परियोजनाओं में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नहर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बजट प्रस्ताव भेजने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पोषण आहार वितरण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावास, आश्रम एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में जल संसाधन विभाग एवं राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण के अधिकारियों की अनुपस्थिति तथा कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ताहीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने एनआरएलएम विभाग द्वारा बैगा परियोजना में लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि के उपयोग की समीक्षा करते हुए अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन एनआरएलएम प्रबंधक, ब्लॉक समन्वयक एवं संबंधित लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी घटक) अंतर्गत आठ वर्ष बाद भी अधूरे पड़े आवासों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।
नर्मदा घाटी प्राधिकरण को राधोपुर बांध निर्माण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके।
बैठक में नर्मदा नदी किनारे संचालित मांसाहार दुकानों को हटाने की कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एकलव्य विद्यालयों एवं छात्रावासों में रोटी मेकर मशीन प्रदाय से संबंधित शिकायतों पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं एवं उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता सारस सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे