सेवाजोहार(डिंडौरी): भारत सरकार के निर्देशों एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में पेट्रोल-डीजल बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने वैकल्पिक परिवहन साधनों को अपनाकर आमजन को सकारात्मक संदेश दिया।
इसी क्रम में अपर कलेक्टर जेपी यादव साइकिल से कार्यालय पहुंचे, जबकि एसडीएम रामबाबू देवांगन इलेक्ट्रिक स्कूटी से कार्यालय आए। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम करने के लिए सभी नागरिकों को कम दूरी के लिए साइकिल, पैदल अथवा ई-वाहनों का उपयोग करना चाहिए।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में शासकीय वाहनों का उपयोग केवल आवश्यक शासकीय कार्यों तक सीमित रखने, अनावश्यक वाहन संचालन पर रोक लगाने तथा एक ही दिशा में जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वाहन साझा प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कम दूरी के कार्यों के लिए पैदल, साइकिल एवं ई-वाहनों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों को बढ़ावा देने, शासकीय वाहनों की नियमित सर्विसिंग, टायर प्रेशर जांच तथा वाहन खड़े रहने के दौरान इंजन बंद रखने जैसे उपाय भी लागू किए जा रहे हैं, ताकि ईंधन दक्षता बनाए रखी जा सके।
कार्यालयों में डिजिटल फाइलिंग, ई-ऑफिस एवं ऑनलाइन संवाद प्रणाली के अधिकतम उपयोग के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही “ईंधन बचाओ-पर्यावरण बचाओ” अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। छोटे-छोटे प्रयासों से पेट्रोल-डीजल की बचत कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।