सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ डिंडौरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 भैंस पड़े और एक एलपीडी 407 वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मौके से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और गौवंश तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था।
इसी दौरान 17 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक एलपीडी 407 वाहन में अवैध रूप से गौवंश का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस टीम ने ग्राम सक्का से मालपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम खम्हरिया के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक MP 09 GF 1518 को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में 11 भैंस पड़े क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे मिले। पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को मुक्त कराते हुए वाहन समेत जब्त कर लिया। मामले में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी चालक अज्जू खान निवासी छतरपुर, परिचालक मेहमूद खान निवासी जबलपुर तथा वाहन स्वामी फिरोज खान सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 11(1)(घ), 11(1)(e), 11(1)(f), 11(1)(h) पशु क्रूरता अधिनियम एवं धारा 66/192 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में आजाद खान, भोला खान और जुल्फीकार की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, एएसआई श्यामलाल उर्वे, एएसआई अतुल हरदहा, प्रधान आरक्षक खेमराज, आरक्षक अंकित मरावी एवं कमलेश भवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डिंडौरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।