Wednesday, May 20, 2026

भाजपा का पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 का जिला प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

संगठन, विचारधारा और बूथ सशक्तिकरण पर कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन
सेवाजोहार (डिंडोरी):- भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोनार्क मैरिज गार्डन, डिंडौरी में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सरकार की योजनाएं, मीडिया की भूमिका और सामाजिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रथम सत्र में फग्गन सिंह कुलस्ते ने बूथ प्रबंधन विषय पर कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान केंद्र स्तर तक सक्रिय रहकर मतदाताओं से सतत संपर्क बनाए रखने और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
द्वितीय सत्र में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में कार्य कर रही हैं। कार्यकर्ताओं से उन्होंने योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया।
तृतीय सत्र में बालाघाट के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश भटेरे ने संगठन विस्तार और मजबूती को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता को नए लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।
चतुर्थ सत्र में अजजा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने “हमारा इतिहास एवं विकास” विषय पर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और भाजपा की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण करना है।
पंचम सत्र में कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति राष्ट्रसेवा और समाजहित पर आधारित है।
षष्ठम सत्र में कटनी के पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने कार्यपद्धति विषय पर संगठनात्मक अनुशासन, बैठकों की व्यवस्था, जनसंपर्क और कार्यक्रम संचालन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण और अनुशासन पर निर्भर करती है।
सप्तम सत्र में भाजपा जिला प्रभारी कमलप्रताप सिंह ने कार्यकर्ता विकास, संभाल और अपेक्षाओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है।
रात्रिकालीन सत्र में सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन अष्टम सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय साहू ने विचार परिवार विषय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विभिन्न आनुषांगिक संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना ही संगठन की पहचान है।
नवम सत्र में मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री सम्पतिया उईके ने देश के समक्ष राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज को जागरूक और संगठित रखने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
दसवें सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक ने व्यावहारिक सत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और व्यवहारिक कार्यशैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय के अनुसार स्वयं को अपडेट रखना आवश्यक है।
ग्यारहवें सत्र में श्रीकांत साहू और अमन शर्मा ने मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका पर जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बन चुका है, इसलिए कार्यकर्ताओं को सकारात्मक और तथ्यात्मक जानकारी समाज तक पहुंचानी चाहिए।
समापन सत्र में निवास के पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते ने संगठन की रीति-नीति, अनुशासन और आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का वातावरण देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे