सेवाजोहार (डिंडोरी):– गर्मी का पारा बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की और नमूने एकत्र किए।
जबलपुर बस स्टैंड क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर संचालित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए टीम ने सत्यम लस्सी एवं मैंगो जूस सेंटर, आनंद चाट भंडार, न्यू खेतेश्वर स्वीट्स, सवाई भोज आइसक्रीम कुल्फी शेक सेंटर, मां शारदा ट्रेडर्स और मारवाड़ी भोजनालय में जांच की कार्रवाई की। इस दौरान लस्सी, मैंगो शेक, बादाम शेक, मिल्क शेक, शुगर फ्री कोल्ड ड्रिंक, पनीर एवं चावल के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य निर्माण में शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा भंडारण सामग्री को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जांच के दौरान मारवाड़ी भोजनालय को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 13(2) के तहत नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि गर्मी के मौसम में बिकने वाले पेय पदार्थ, आइसक्रीम और डेयरी उत्पाद खरीदते समय उनकी निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। इसके साथ ही कोल्ड ड्रिंक को ठंडा करने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने को अवैध बताते हुए उपभोक्ताओं से शिकायत करने की अपील की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डिंडोरी जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बढ़ती गर्मी में शीतल पेय पदार्थ जोरो पर बिक्री किए जाते है,जिसमें मुनाफाखोरो के द्वारा मिलावटी शक्कर और अन्य गुणवत्ताहीन चीजों का इस्तेमाल ज्यादा कमाई के लिए किया जाता हैं। ग्राहकों से विभाग अपील करता है कि अगर आपके आसपास ऐसे कोई दुकानदार है जो घटिया सामग्री गर्मी के दिनों में बेच रहे है तो सूचना दे।