पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम गठित
सेवाजोहार (डिंडोरी):- ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन को राहत देने के लिए जिला स्तरीय पेयजल कंट्रोल रूम की स्थापना की है। मुख्यमंत्री के निर्देश एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में यह कंट्रोल रूम कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-9 में संचालित किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण, निगरानी और संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी के रूप में लोक सेवा प्रबंधक रंजीत ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से जिला सलाहकार बालमुकुंद परस्ते को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जिले में पेयजल समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पेयजल संबंधी शिकायत या जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9826959504 एवं 8770148600 पर संपर्क कर सकते हैं।