सेवाजोहार (भोपाल) :- पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश ताम्रकार समाज की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने धर्मनगरी महेश्वर में मां नर्मदा एवं समाज के आराध्य भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन का सामूहिक पूजन-अर्चन कर अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र पैगवार एवं उनकी टीम ने विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज की उन्नति, एकता और सेवा के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर संगठन का नेतृत्व कर रहे पूर्व महापौर राजेंद्र ताम्रकार (रीवा) ने मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी को समाज सेवा एवं संगठन सशक्तिकरण की शपथ दिलाई। उन्होंने संगठन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज एवं दायित्व सौंपते हुए नई टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मां नर्मदा और भगवान सहस्त्रार्जुन को साक्षी मानकर सभी पदाधिकारियों ने समाजहित में कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में उपाध्यक्ष डॉ. अतुल सेठा (नर्मदापुरम), सचिव प्रदीप ताम्रकार, सह सचिव प्रतिभा ताम्रकार पंडा, कोषाध्यक्ष हरिओम ताम्रकार, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि ताम्रकार (विदिशा), प्रहलाद ताम्रकार (रीवा), पुष्पेंद्र ताम्रकार (उचेहरा), अतुल ताम्रकार एडवोकेट (सागर), विशाल शिवपुरिया (कालापीपल) तथा श्रेयस ताम्रकार (चीचली, नरसिंहपुर) ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से शपथ ग्रहण किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी प्रमोद पंडा (जबलपुर), महीतोष पैगवार (भोपाल) एवं अनिल ताम्रकार एडवोकेट (सतना) सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी ने समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा प्रदेशभर में संगठन को नई दिशा देने का संकल्प व्यक्त किया।