कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर मौके से फरार
सेवाजोहार (डिंडोरी):- डिंडौरी जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मुरुम उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छांटा बैगानटोला, तहसील एवं थाना डिंडौरी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जेसीबी क्रमांक MP52DA0254 द्वारा बिना वैध अनुमति के मुरुम का उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर लिया।
जांच में जेसीबी चालक की पहचान रामचरण मरावी, निवासी देवरी समनापुर, जिला डिंडौरी के रूप में हुई है, जबकि वाहन स्वामी ठाकुर सिंह, निवासी देवरी समनापुर बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम को देखकर मौके पर मौजूद तीन ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गए। हालांकि जब्त जेसीबी को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली डिंडौरी में खड़ा कराया गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा मामला न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।