पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में विशेष प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ
सेवाजोहार (डिंडोरी) :- वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए डिंडौरी पुलिस ने अभी से अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में किया गया।
सिंहस्थ महापर्व में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सहायता, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीति तथा व्यवहारिक एवं सॉफ्ट स्किल्स से जुड़े पहलुओं को शामिल किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) मॉडल के तहत चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, जिससे जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को प्रशिक्षित किया जा सके। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में प्रभावी, संवेदनशील एवं कुशलतापूर्वक दायित्व निर्वहन के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए अनुशासन, सतर्कता, जनसंपर्क और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। साथ ही सिंहस्थ महापर्व के दौरान संभावित चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी डिंडौरी सतीष द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुवंर सिंह ओलाड़ी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।