सेवाजोहार (डिंडौरी):- मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यालय का 25वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने मिलकर सिल्वर जुबली समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, अभिनय और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। कई विद्यार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विद्यालय ने उनके व्यक्तित्व निर्माण, शिक्षा और संस्कारों को नई दिशा दी है। विद्यालय के 25 वर्ष पूरे होने की खुशी पूरे मदर टेरेसा परिवार के चेहरों पर साफ दिखाई दी।
अभिभावकों ने भी विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि डिंडौरी जैसे छोटे शहर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में विद्यालय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और प्राचार्य को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को मिठाई वितरित कर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और गौरव का माहौल बना रहा। विद्यालय के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सभी ने संस्था की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।