Wednesday, July 8, 2026

सेफ क्लिक 2.0 अभियान में डिण्डौरी पुलिस का शानदार प्रदर्शन, राज्य स्तर पर मिला उत्कृष्टता सम्मान

सेवाजोहार (डिंडोरी):- साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डिण्डौरी पुलिस को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने जिला डिण्डौरी को “उत्कृष्ट प्रदर्शन” प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम और जन-जागरूकता के क्षेत्र में डिण्डौरी पुलिस के प्रभावी प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नेतृत्व में जिला साइबर सेल, जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस बल तथा विभिन्न शासकीय विभागों के समन्वय से 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक यह विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत जिलेभर में 660 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 23 डिजिटल एवं सोशल मीडिया अभियान, 16 जागरूकता रैलियाँ, 619 बैनर-पोस्टर प्रदर्शन, 2 साइबर क्विज प्रतियोगिताएँ, 2 नुक्कड़ नाटक और 7 साइबर मेला शामिल रहा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड, QR कोड स्कैम, UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी निवेश योजनाओं जैसी साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान 47,955 नागरिकों को ऑफलाइन और 32,542 नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से जागरूक किया गया। इस प्रकार कुल 74,887 लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, साइबर सेल टीम, प्रशासन, शिक्षा विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अभियान को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिला कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी सहित सभी विभागों के समन्वित सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता और टीमवर्क के कारण ही डिण्डौरी को यह गौरवपूर्ण राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है।

डिण्डौरी पुलिस की अपील
किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें।
OTP, बैंक खाता, UPI PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
“सुरक्षित क्लिक – सुरक्षित जीवन” का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक अवश्य पहुंचाएं।
राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान डिण्डौरी पुलिस, प्रशासन और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रतीक है, जो भविष्य में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में जिले को नई उपलब्धियों की ओर प्रेरित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे