Wednesday, July 8, 2026

शहडोल कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने डिंडोरी कलेक्टर के साथ चुनपथरी विद्यालय का किया निरीक्षण, ग्रामीणों की चौपाल में सुनी समस्याएं

सेवाजोहार (डिंडोरी):- शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता एवं डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बाजाग विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहतरा के पोषक ग्राम चुनपथरी स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों अधिकारियों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और सीखने की क्षमता का आकलन किया।
कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा स्वयं बच्चों को पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, नियमित उपस्थिति बनाए रखने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में कमिश्नर ने आम एवं अमरूद के फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
निरीक्षण के बाद सामुदायिक भवन में आयोजित चौपाल में कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान कृषि एवं पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए गौ सेवक, कृषि मित्र और पशु सखी के कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ग्रामीणों से पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा कृत्रिम गर्भाधान योजना का लाभ लेकर बेहतर नस्ल के पशु तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, जिससे पशुपालन ग्रामीणों के लिए आय का मजबूत और लाभकारी स्रोत बन सकता है।
चौपाल के दौरान कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने किसानों को मिट्टी परीक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पंकज जैन, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम बाजाग अक्षय डिगरसे, सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव, कृषि उपसंचालक संजय दोषी सहित कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे