जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधा
सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिले के विकासखंड अमरपुर की ग्राम पंचायत कमको मोहनिया में रघुनाथ शाह-शंकर शाह बालक आश्रम भवन के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष हन्नू सिंह पट्टा, प्रीतम सिंह मरावी, फूल सिंह मरकाम, आकाश नामदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रघुनाथ शाह-शंकर शाह बालक आश्रम भवन बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक आवासीय सुविधा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा को नई दिशा और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने निर्माण एजेंसी से निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि शिक्षा सामाजिक विकास की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इस आश्रम भवन के निर्माण से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार, तहसीलदार, पटवारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रघुनाथ शाह-शंकर शाह बालक आश्रम भवन का निर्माण क्षेत्र में जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा और आवासीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद दूर-दराज़ के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।