सेवाजोहार (डिंडोरी):- नगर परिषद डिंडौरी ने स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कार्य में लापरवाही एवं अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 8 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
नगर परिषद के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी वेद प्रकाश पुरी गोस्वामी ने सभी सफाई कर्मचारियों का जोनवार कार्य विभाजन करते हुए प्रत्येक कर्मचारी को निर्धारित वार्ड और कार्यस्थल पर नियमित रूप से सफाई कार्य करने के निर्देश दिए थे। कर्मचारियों को वार्डवार सफाई, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई तथा कचरा परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
स्वच्छता प्रभारी और सफाई दरोगाओं द्वारा नियमित निरीक्षण एवं उपस्थिति प्रतिवेदनों की जांच के दौरान कुछ कर्मचारी बिना पूर्व सूचना और सक्षम अनुमति के अपने कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। साथ ही उनके द्वारा स्वच्छता कार्य में लगातार लापरवाही बरतने की पुष्टि हुई।
नगर परिषद ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
जिन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, उनमें प्रकाश डोंगरे, दुर्गेश डोंगरे, रजरानी चौहान, राकेश, त्रिशाल रानी चन्द्रोल, सुरेंद्र, रानी चंचोल और राजेंद्र विशमोंगरे शामिल हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वेद प्रकाश पुरी गोस्वामी ने कहा कि नगर परिषद में स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नगरवासियों को बेहतर और निरंतर स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।