सेवाजोहार (मंडला):- हैहयवंशीय ताम्रकार समाज महिला मंडल की प्रथम बैठक महाराजपुर के हनुमान जी वार्ड स्थित शशि सुंदर ताम्रकार के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों की सर्वसम्मति से महिला मंडल का गठन करते हुए डॉ. रेखा विनोद ताम्रकार ‘राज’ को जिला अध्यक्ष तथा अभिलाषा मनोज ताम्रकार को सचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष रघुनाथ ताम्रकार, महामंत्री राजकुमार ताम्रकार, कोषाध्यक्ष सुंदरलाल ताम्रकार, संगठन मंत्री मुकेश कुमार ताम्रकार, मीडिया प्रभारी मनोज ताम्रकार एवं संतोष सहपुरिया सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। नियुक्ति के बाद महिला मंडल की ओर से पूर्व एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का तिलक वंदन कर मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रघुनाथ ताम्रकार ने समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन को मजबूत बनाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। वहीं नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष डॉ. रेखा विनोद ताम्रकार ‘राज’ ने समाज द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ समाज के प्रत्येक सदस्य की सेवा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगी।
नवनियुक्त सचिव अभिलाषा मनोज ताम्रकार ने भी सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती शशि सुंदर ताम्रकार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में प्रभा ताम्रकार, सपना ताम्रकार, ममता ताम्रकार, राजकुमारी ताम्रकार, ललिता ताम्रकार, बबीता ताम्रकार, रजनी सहपुरिया, रचना ताम्रकार, विनोद ताम्रकार, रमेश ताम्रकार, हर्षिता ताम्रकार, अंजली ताम्रकार, अदिति ताम्रकार, श्रेयांस ताम्रकार, मान्या ताम्रकार, श्रैया ताम्रकार, शकुन ताम्रकार, पूजा बबीता ताम्रकार, रक्षा ताम्रकार, प्रीति ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।