सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिले के जनपद पंचायत करंजिया में एक बार फिर प्रशासनिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। सरपंच संघ ने जनपद पंचायत के सहायक यंत्री कशिश नायक को तत्काल करंजिया से हटाने की मांग को लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उल्लेख है कि कशिश नायक का जबलपुर संभाग में तबादला हो चुका है बावजूद उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया हैं।
सरपंच संघ का आरोप है कि सहायक यंत्री की कार्यप्रणाली के कारण पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सहायक यंत्री को करंजिया से हटाया जाए। सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र के सभी सरपंच व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस घटनाक्रम के बाद जनपद पंचायत करंजिया में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन सरपंच संघ की मांग पर क्या निर्णय लेता है।
हालांकि, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक जनपद पंचायत प्रशासन या संबंधित सहायक यंत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।