Monday, August 10, 2026

देख लीजिए साहब,आपके ठेकेदार द्वारा बनाई गई सड़क बारिश में बह गई, ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर लिए मज़े!

धमनी से कुसेरा के बीच तीन साल पहले बनी लगभग 4 करोड़ की सड़क बारिश में बही, गुणवत्ता पर उठे सवाल

सेवाजोहार (डिंडोरी):- मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल डिंडोरी जिले के मेहदवानी विकासखंड में करीब तीन साल पहले बनाई गई सड़क तेज बारिश में बह गई। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनी 12 किमी की सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला मेहदवानी से कुसेरा के बीच बनाई गई सड़क का है।

बताया जा रहा है कि सड़क का निर्माण मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण विभाग के तहत रीवा की शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया गया था। बीते दिनों हुई तेज बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से पुलिया के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। सड़क के बीचों-बीच गहरी कटाव की स्थिति बनने से मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है।

बारिश के पानी में बह गई सड़क

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दौरान पानी का तेज बहाव सड़क और पुलिया के आसपास से गुजरा। इसी दौरान सड़क का एक बड़ा हिस्सा पानी के साथ बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निर्माण गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता और जल निकासी से जुड़े मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि यदि सड़क और पुलिया का निर्माण बेहतर गुणवत्ता और उचित जल निकासी व्यवस्था के साथ किया गया होता तो कुछ ही वर्षों में इस तरह की स्थिति नहीं बनती।
हालांकि, सड़क के बहने की वास्तविक वजह क्या रही और निर्माण में किसी तरह की तकनीकी या गुणवत्ता संबंधी कमी थी या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जिला प्रशासन से जांच की मांग

मेहदवानी जनपद क्षेत्र के रामप्रसाद तेकाम ने सड़क बह जाने की जानकारी जिला प्रशासन को दी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कब तक कराई जाती है। फिलहाल करीब तीन साल पुरानी सड़क के बारिश में बह जाने से करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे