सेवाजोहार (डिंडोरी):- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय डिंडोरी, जबलपुर संभाग में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार, 15 अगस्त 2026 को हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह की मुख्य अतिथि भारती मेरावी, नामित अध्यक्ष (Nominee Chairman) एवं संयुक्त कलेक्टर, डिंडोरी रहीं। विद्यालय की विद्यार्थी परिषद् की मुख्य छात्रा कुमारी अनन्या शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे मुख्य अतिथि भारती मेरावी, नामित अध्यक्ष एवं संयुक्त कलेक्टर, डिंडोरी द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य सुनील कुमार सोनी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।विद्यालय की छात्राएं कुमारी अनन्या शर्मा और कुमारी सौम्या ने मंच संचालन का कार्य बखूबी संभाला।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्वागत नृत्य एवं बालवाटिका के मनमोहक नृत्य ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्काउट एवं गाइड द्वारा मानव पिरामिड की प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने अपने अनुशासन, साहस और सामूहिक भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए गए। नशामुक्ति विषयक समूह नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जागरूक जीवन अपनाने का संदेश दिया।
समारोह में शिक्षकों का संबोधन, संगीतमय योग तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरण भी किया गया। मुख्य अतिथि, नामित अध्यक्ष एवं संयुक्त कलेक्टर, डिंडोरी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम, राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार सोनी ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में नजीर अहमद खान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रप्रेम और उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में समारोह का समापन हुआ तथा उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया।
समूचा कार्यक्रम विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता, विद्यार्थियों की प्रतिभा और देशभक्ति की भावना का सुंदर परिचायक रहा।