सेवाजोहार (डिंडोरी):- आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, शांति समिति के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में 26 अगस्त 2026 को ईद मिलाद-उन-नबी, 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी, 14 से 25 सितंबर तक गणेशोत्सव एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन तथा 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्र, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के साथ विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।