सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिले के करंजिया ब्लॉक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से तुरॉड नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बरबसपुर पंचायत में हालात बिगड़ गए हैं। गांव के कई हिस्सों में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया है, वहीं कुछ कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश के चलते ग्रामीणों के सामने घर और सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती बनी हुई है।
बारिश से प्रभावित ग्रामीणों की स्थिति जानने के लिए ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार मोंगरे बरबसपुर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर पहुंचकर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित राहत और मुआवजा दिलाने की मांग की।
इस पर राजकुमार मोंगरे ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि बारिश से हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराया जाएगा और पात्र परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन के समक्ष उनकी बात रखी जाएगी।
फिलहाल लगातार बारिश के बीच ग्रामीणों की नजर प्रशासन की राहत और बचाव व्यवस्था पर टिकी हुई है।