Friday, August 21, 2026

करंजिया के ग्रामीण बैठे धरने में, “जेई तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “MPEB होश में आओ” के लगाए नारे

सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के करंजिया ब्लॉक के चंदूवान टोला में बिजली आपूर्ति काटे जाने के विरोध में गुरुवार रात जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रातभर बिजली नहीं रहने से नाराज जनपद अध्यक्ष राजू सिंह उद्देय, भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद दरकेश, OBC मोर्चा जिला अध्यक्ष राजकुमार मोंगरे, करंजिया सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने “जेई तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “MPB होश में आओ” जैसे नारे लगाते हुए बिजली व्यवस्था तत्काल बहाल करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 100 बिजली उपभोक्ताओं में से केवल 36 उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल जमा किए जाने के कारण पूरे गांव की बिजली काट दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा हैं, उन्हें भी बिजली कटौती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पूर्व नोटिस पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे रातभर ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं होने के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हुए।

धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताते हुए Electricity Act, 2003 की धारा 56 का हवाला दिया और कहा कि नियमानुसार बकाया राशि की वसूली की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया जाना चाहिए।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे