जन विश्वास अभियान शिविर में 115 आवेदनों का मौके पर त्वरित निराकरण, ग्रामीणों को एक ही जगह मिलीं कई सेवाएं
सेवाजोहार (डिंडोरी):- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी में जन विश्वास अभियान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
शिविर में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

गांव में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा प्रशासन
डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जिला और विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचना कई बार कठिन होता है। ऐसे में गांव में ही शिविर लगने से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज कराकर शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ शहपुरा विधायक
ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण एक ही स्थान पर मौजूद होकर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। पानी, बिजली, सड़क, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और भूमि सहित किसी भी समस्या को ग्रामीण शिविर में दर्ज करा सकते हैं।
कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव पहुंच रहा प्रशासन
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय दूर होने के कारण कई ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर जिला अथवा विकासखंड कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते। ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंच रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम का निरीक्षण
जन विश्वास अभियान शिविर के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम, गौरा कन्हारी का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जूते-मोजे और पानी की बोतल प्रदान की। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य शिविर में 64 लोगों की जांच, 40 की रक्त जांच
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान बुखार, रक्तचाप, शरीर दर्द, सिरदर्द, कमजोरी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित 64 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं 40 लोगों की रक्त जांच भी की गई। आयुष विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। विभाग ने 70 लोगों का पंजीयन कर आवश्यकतानुसार उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराईं।
पात्र हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित
जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। गौरा कन्हारी में आयोजित शिविर इसी दिशा में प्रशासन की पहल के रूप में सामने आया।